बैरिया। सुरेमनपुर दियराचंल के गोपालनगर नई बस्ती और गोपालनगर टाड़ी के सामने सरयू का कटान रुकने का नाम नही ले रहा है। शुक्रवार को बैरिया विधायक जयप्रकाश अंचल गोपालनगर में हो रहे कटान स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान सिंचाई विभाग के अभियंताओं के अलावा बैरिया के उपजिलाधिकारी आत्रेय मिश्र से फोन पर कटान रोकने व पीड़ितों को राहत पहुंचाने के लिए जरूरी कदम उठाने का अनुरोध किया।
पिछले वर्ष ही गोपालनगर ताड़ी गांव में सरयू नदी की कटान से कई रिहायशी मकान नदी में समा गए। मौजूदा समय में भी गोपालनगर ताड़ी के मैनेजर यादव, सुनीता देवी, अनीता देवी, बेबी देवी आदि का मकान कटान के मुहाने पर है। उपजिलाधिकारी मकान खाली करने का निर्देश जारी कर चुके हैं। इसी बीच, अब सरयू नदी की तेज धारा हर रोज उपजाऊ भूमि को निगल रही है। आलम यह है कि पिछले एक पखवाड़े के अंदर दो सौ एकड़ से अधिक उपजाऊ खेत सरयू नदी में विलीन हो चुके हैं। बार-बार के ग्रामीणों के आग्रह के बावजूद कोई भी जिम्मेदार अधिकारी मौके पर निरीक्षण के लिए नहीं पहुंचा। गोपालनगर नई बस्ती, टाड़ी के लोगों में दहशत है।
गौरतलब है कि पहले गोपालनगर टाड़ी के पास पिछले बरसात में कटान हो रही थी। वहां बाढ़ विभाग ने स्पर बनवा दिया है। इसके बाद, सरयू नदी ने इस स्थान से पूरब और उत्तर तरफ गोपालनगर नई बस्ती और टाड़ी के सामने कटान शुरू कर दी है। पिछले एक सप्ताह से प्रतिदिन 15 से 20 एकड़ खेत सरयू नदी में कटकर विलीन हो रहा है।
अगर यही स्थिति रही तो जल्द ही गोपाल नगर नई बस्ती व टाड़ी सरयू नदी के कटान की जद में होगा। यहां लगभग एक हजार की जनसंख्या निवास करती है। उक्त गांव निवासी श्रीभगवान यादव, विसुन यादव, बच्चा यादव, रामनाथ यादव, हीरालाल यादव, अयोध्या यादव, शिवनाथ यादव, परमेश्वर यादव, मुखराम यादव, हीरा यादव, विजय यादव, गुड्डू यादव आदि ने बताया कि कटान की सूचना अधिकारियों को दे दी गई है।
बावजूद इसके कोई भी अधिकारी इस मामले का संज्ञान नहीं ले रहे हैं। सरसों, गेहूं और अन्य बोई गई फसल कटान में खेत के साथ कटकर सरजू नदी में समा रही है। अगर यही स्थिति रही तो जल्द ही गोपाल नगर नई बस्ती का अस्तित्व समाप्त हो जाएगा।