फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक के निर्देश का असर, ऑटोमेटिक समपार समेत कई सुविधाएं शुरु

विज्ञापन
विज्ञापन
बैरिया। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक अशोक मिश्र के निर्देश का असर सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन पर दिखने लगा है। समपार पर लगा नया पैनल शुक्रवार को चालू हो गया। इससे रेलवे समपार ऑटोमेटिक हो गया। स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर लगे टीनशेड की भी मरम्मत शुरू हो गई है। प्लेटफार्म नंबर दो भी यात्रियों के लिए चालू हो गया और अब डाउन गाडि़यां प्लेटफार्म नंबर दो से रवाना होने लगी हैं।
विज्ञापन

बीते 29 सितंबर को पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक अशोक कुमार मिश्र, मंडल रेल प्रबंधक व अन्य अधिकारियों के साथ सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण के लिए पहुंचे थे। प्लेटफार्म पर लगे टीन शेड से पानी टपकता देख नाराजगी जताई और तत्काल उसे ठीक कराने का निर्देश दिया था। महाप्रबंधक ने तत्काल नए भवन में पैनल रूम स्थानांतरित करने और निर्माणाधीन प्लेटफार्म नंबर दो का कार्य पूरा कराकर उसे आवागमन के लिए खोलने का निर्देश मातहतों को दिया था। महाप्रबंधक के निर्देश को 20 दिनों में रेलवे के अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों ने अमलीजामा पहना दिया। नए भवन में पैनल रूम स्थापित हो गया। प्लेटफार्म नंबर एक के टीन शेड की मरम्मत शुरू हो गई। वहीं, सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन का दो नंबर प्लेटफार्म भी चालू हो गया। अब छपरा की तरफ जाने वाली डाउन ट्रेन प्लेटफार्म नंबर दो से शुक्रवार से जाने लगी। वहीं, सुरेमनपुर रेलवे के पश्चिम तरफ स्थित रेलवे का समपार (फाटक) ऑटोमेटिक हो गया। अब ट्रेन गुजरने के दो मिनट बाद रेलवे का फाटक खुलेगा। इस बाबत सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन के अधीक्षक एलपी वर्मा ने बताया कि प्लेटफार्म नंबर एक से अप गाडि़यां बलिया की तरफ और छपरा की तरफ जाने वाली डाउन गाडि़यां दो नंबर प्लेटफार्म से प्रस्थान करेंगी। दो नंबर प्लेटफार्म पर टीन शेड यात्रियों को बैठने के लिए बेंच, पेयजल और शौचालय की सुविधा अभी उपलब्ध नहीं है। जल्द ही यह सारी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने रेल फाटक के रास्ते आवागमन करने वालों से आग्रह किया है कि ऑटोमेटिक सिस्टम लागू हो गया है। ट्रेन के जाने के दो मिनट बाद रेल फाटक खुल जाएगा। लोग धैर्य रखें और गेट मैन से अनावश्यक कहासुनी न करें, उसके बस में कुछ भी नहीं है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें