बैरिया। दोकटी थाना क्षेत्र के रामपुर कोडरहा गांव में भूसा वितरण के दौरान एक व्यक्ति से मारपीट और गाली-गलौज हुई। पीड़ित ने चार लोगों पर मारपीट व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए दोकटी थाने में तहरीर दी है। रामपुर कोडरहा निवासी सुभाष यादव ने बताया कि गुरुवार रात करीब आठ बजे वह बाढ़ राहत चौकी के पास भूसा वितरण में मौजूद थे। इसी दौरान गांव के धनलाल यादव, उमेश यादव, राजू यादव और राहुल यादव वहां पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने सुभाष यादव से गाली-गलौज की और विरोध करने पर मारपीट शुरू कर दी। शोर होने पर आसपास के लोगों के पहुंचने से पहले आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। क्षेत्राधिकारी बैरिया आलोक गुप्ता ने बताया कि तहरीर के आधार पर चार लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।