बलिया। नगर को जाम से राहत दिलाने व आवागमन सुगम बनाने को लेकर माल्देपुर से कदम चौराहा तक करीब चार किलोमीटर लंबे फोरलेन निर्माण की स्वीकृति है। अब निर्माण को लेकर कवायद में लोक निर्माण विभाग जुट गया है। टेंडर की प्रकिया शुरु कर दी गई है। यह कार्य चरणवार होगा।
करीब चार माह पहले राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्रालय ने सांसद की पहल पर माल्देपुर से कदम चौराहा तक फोरलेन बनाने व दोनों तरफ आरसीसी ढक्कनयुक्त नाला बनाने के लिए 48.95 करोड़ की स्वीकृति दी। यह मार्ग पहले एनएचएआई के जिम्मे रही। इसके अलावा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे निर्माण का कार्य भी एनएचएआई के जिम्मे ही है। इसको लेकर एक ओर किसानों से जमीनों की रजिस्ट्री व टेंडर की प्रक्रिया जारी है। ऐसे में एनएचएआई ने माल्देपुर से कदम चौराहा तक फोरलेन निर्माण की जिम्मेदारी दो माह पहले ही लोक निर्माण विभाग को दे दी। लोक निर्माण की ओर से ही टेंडर की प्रक्रिया शुरु कर दी गई है। कार्य को चरण वार तरीके से कराया जाएगा। पहले चरण में यूटिलिटी शिफ्टिंग कार्य कराया जाएगा।
जिले में करीब 90 किमी लंबी एनएच 31 है। इस सड़क के चौड़ीकरण को लेकर समय-समय पर कयास लगाए जाते रहे लेकिन स्थिति जस की तस ही रह गई। लेकिन अब नगर से गुजर रहे एनएच 31 के माल्देपुर से कदम चौराहा तक फोरलेन बनना तय हो गया है।
यातायात होगा आसान, मिलेगी जाम से राहत
एनएन 31 पर माल्देपुर से लेकर कदम चौराहा तक हमेशा जाम की स्थिति बनी रहती है। टू लेन सड़क होने के कारण आए दिन जाम लगता है जिसके चलते लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। अब फोरलेन सड़क बन जाने के बाद समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी।
माल्देपुर से लेकर कदम चौराहा तक फोरलेन निर्माण को लेकर टेंडर की प्रक्रिया चल रही है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही चरण वार तरीके से कार्य शुरु कराया जाएगा।
- देवेंद्र वर्मा, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग, निर्माण खंड, बलिया।