बलिया। नगर के भृगआश्रम मंदिर परिसर में आयोजित विकास दीपोत्सव मेला में रविवार की देर शाम हुआ सांस्कृतिक कार्यक्रम दो ऐसे बाल कलाकारों के नाम रहीं, जिन्होंने अपनी गायकी से न सिर्फ लोगों को झूमने पर विवश कर दिया बल्कि मेला परिसर में शमा बांध दी। सगे भाई बहन बिट्टू सरगम और श्वेता सरगम ने गायकी की शुरुआत देवी आराधना से किया। इसके बाद एक से बढ़ कर एक गीतों की प्रस्तुत कर लोगों की वाहवाही बटोरी। दोनों बाल कलाकारों की प्रस्तुति से प्रभावित होकर नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार विश्वकर्मा ने उन्हें प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। बता दें कि दोनों बाल गायक भाई-बहन हैं और दुबहड़ थाना क्षेत्र के संवरु बांध शिवरामपुर नई बस्ती निवासी हैं। उनकी उम्र क्रमश: नौ और आठ वर्ष के हैं।