नगर निकाय चुनाव के लिए आज मतदान होना है। सभी दलों ने अपने-अपने प्रत्याशियों के पक्ष में मतदाताओं को मोड़ने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी है। इस वक्त नगर पालिका पीडीडीयू नगर अध्यक्ष पद के लिए भाजपा, सपा, बसपा और कांग्रेस के अलावा दो निर्दल प्रत्याशी मैदान में है। मतदाताओं को भी इन प्रत्याशियों के बारे में जानना जरूरी है। सभी प्रत्याशियों ने अपनी प्राथमिकताएं और मुद्दे अमर उजाला से साझा किए हैं।
...........................
नगर को स्मार्ट सिटी के रूप में करेंगी विकसित पीडीडीयू नगर। भाजपा की ओर से अध्यक्ष की उम्मीदवार मालती सोनकर पार्टी में भाजपा बूथ कमेटी की सदस्य हैं। पीडीडीयू नगर के गिधौली वार्ड की रहने वाली है। उन्होंने जूनियर हाईस्कूल तक शिक्षा ग्रहण की है। इसके साथ ही उनका पुत्र अशोक सोनकर निवर्तमान जनप्रतिनिधि बोर्ड में नामित सभासद रहे हैं। मालती सोनकर नगर को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने के मुद्दे को लेकर चुनाव में उतरी है।
-
सड़क, नाली व साफ-सफाई पर रहेगा विशेष ध्यान पीडीडीयू नगर। नगर पालिका पीडीडीयू नगर के अध्यक्ष पद की कांग्रेस प्रत्याशी सविता देवी नगर के न्यमहाल वार्ड की रहने वाली है। उन्होंने कक्षा दस तक शिक्षा ग्रहण की है। सविता खरवार ने बताया कि नगर में बेहतर सड़क, नाली व साफ-सफाई की व्यवस्था उनका प्रमुख मुद्दा है।
भ्रष्टाचार मुक्त व स्वच्छ प्रशासन के साथ करेंगी विकास पीडीडीयू नगर। बहुजन समाज पाटी की ओर से अध्यक्ष पद की उम्मीदवार दीपा नगर के गिधौली वार्ड की रहने वाली है। इन्होंने राजनीतिशास्त्र से एमए तक की शिक्षा ग्रहण की है। दीपा ने कहा कि नगर पालिका को भ्रष्टचार से मुक्त कर स्वच्छ प्रशासन के साथ विकास को गति देंगी।
-
सर्व समाज को ध्यान में रखकर बनाएंगी योजना पीडीडीयू नगर। समाजवादी पार्टी की ओर से अध्यक्ष पद की उम्मीदवार अनीता सोनकर बिछड़ी वार्ड की रहने वाली है। इन्होंने कक्षा आठ तक शिक्षा ग्रहण की है। बतौर प्रत्याशी आनीता सोनकर सर्व समाज को ध्यान में रखकर कार्य योजना तैयार कर नगर के विकास के मुद्दे पर चुनाव मैदान में है।
.....................................
स्थायी सब्जी मंडी के लिए करेंगी प्रयास पीडीडीयू नगर। नगर पालिका पीडीडीयू नगर के अध्यक्ष पद की निर्दल प्रत्याशी के रूप में सोनू किन्नर भी चुनावी मैदान में है। सोनू सिर्फ साक्षर है। सोनू ने बताया कि वे जलकर आधा करने के साथ गृहकर माफ करेंगी। इसके अलावा स्थायी सब्जी मंडी के साथ नगर के विकास के लिए कार्य करेंगी।