बिजली बकाया वसूली अभियान में बृहस्पतिवार को विभाग ने 25 हजार के ऊपर के बकायेदारों को निशाने पर रखा।
सिविल लाइन क्षेत्र के अंतर्गत मिड्ढी, हरपुर, आवास विकास, काजीपुरा, बहादुरपुर, जीराबस्ती, देवकली, बहेरी, उमरगंज, चंद्रशेखर नगर, रामपुर महावल, मालदेपुर व जलालपुर में अभियान चलाया गया। इसमें 25 हजार के ऊपर के 113 बकायेदारों की लाइन काटी गई। बिजली चोरी में दो उपभोक्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की गई। एक लाख से ऊपर के तीन बकायेदारों की केबल समेत मीटर उखाड़ा लिया। आरसी के माध्यम से वसूली हेतु राजस्व विभाग को रिपोर्ट भेज दी गई है।
अधिशासी अभियंता नरेंद्र प्रकाश के निर्देश पर एसडीओ ऋषिकेश सिंह यादव,अनिल कुमार, रंजित यादव के नेतृत्व में छह टीमों का गठन किया गया है। दो दिनों से कार्रवाई चल रही है। अभियान यथावत आगे के उपकेंद्र रघुनाथपुर, न्यू सिविल लाइन, गड़वार रोड, आईटीआई , हनुमानगंज व बसंतपुर में जारी रहेगा।
सरकारी कार्यालय और अधिकारी के यहां भी लगेंगे स्मार्ट मीटर
जिले में उपभोक्ताओं के पुराने मीटर को हटाकर स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। उपभोक्ताओं के साथ ही अब सरकारी कार्यालयों और सरकारी अधिकारी व कर्मचारियों के आवासों पर भी स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे। सबसे पहले डीएम व एसपी के बाद विकास भवन, कलेक्ट्रेट, जिला अस्पताल, पुलिस अधीक्षक कार्यालय संग अन्य विभागों के कार्यालय पर मीटर लगाए जाएंगे। जिले के 150 सरकारी कार्यालय व सरकारी आवासों को चिह्नित किया गया है।