बलिया। समाजवादियों का आतंकवादियों से पुराना संबंध रहा है। नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी को पहले एनआरसी और सीएए का अध्ययन कर लेना चाहिए, तब कुछ बोलना चाहिये। यह बाते प्रदेश सरकार के मंत्री उपेंद्र तिवारी ने शुक्रवार की रात नए साल के उपलक्ष्य में मीडिया से मिलने के दौरान कही। उन्होंने सपा, बसपा, कांग्रेस व अन्य पार्टियों पर निशाना साधते हुए कहाकि इनके पास दूसरा और कोई मुद्दा नहीं बचा हैं। इसलिए यह समाज में भ्रम, द्वेष और अफवाह फैलाने का काम कर रहे हैं जो किसी भी राजनीतिक पार्टी का काम नहीं है। नेता प्रतिपक्ष को प्रदेश की जनता से माफी मांगने चाहिये।उन्होंने बताया कि पूर पकड़ी में बन रहे स्पोर्ट्स कालेज का नाम प्रदेश सरकार ने जननायक चंद्रशेखर के नाम से घोषित कर दिया है। कहा कि चंद्रशेखर एक साधारण परिवार से निकलकर छात्र राजनीति की। इसके बाद उन्होंने गरीबों व मजलूमों की लड़ाई लड़ते हुए प्रधानमंत्री की गद्दी को सुशोभित किया। उन्होंने अपने स्वच्छ राजनीति व निष्ठा के बल पर पूरे विश्व में बलिया का परचम लहराया। एक सवाल के जवाब में कहा कि अब तक प्रदेश में जितनी भी सरकारे आई। उन्होंने कटान रोकने के नाम पर करोड़ों रुपयों का आपस में बंदरबांट किया और अपनी जेब भरी। कहा कि एक दशक में जितना पैसा कटान व बंधे के निर्माण के नाम पर जनपद में आया है। उतने में पक्के बंधे का निर्माण या गंगा व घाघरा की धारा को मोड़ दिया गया होता। लेकिन प्रदेेश सरकार ने इसे गंभीरता से लेते हुए इस तत्काल अमल करने का काम शुरू कर दिया है। हमारे मुख्यमंत्री ने सर्वे टीम को भेजकर गंगा व घाघरा की धारा को मोड़ने के लिए कार्य आरम्भ कर दिया है। इसके अलावा पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से बलिया को जोड़ा जा रहा है। यह पूर्वांचल का ऐसा जिला है, जहां पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे माल्देपुर मोड़ पर आकर जुट रहा है। अंत में सभी मीडियाकर्मियों को नए साल की शुभकामना देते हुए उज्ज्वल भविष्य का कामना की। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष जय प्रकाश साहू मौजूद रहे।