बांसडीह। कस्बे के रजवारवीर मोहल्ले में एक वर्ष पूर्व जालसाजी से जमीन रजिस्ट्री करवाकर भूस्वामी को पैसे न देने के मामले में पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
कस्बा निवासी तेजप्रताप ने न्यायालय में गुहार लगाई थी की उनके दो भतीजों विनीत, आनंद कुमार व उनके पुत्र अक्षय आनंद ने उनसे रजवारबीर मोहल्ले में स्थित जमीन बेचने पर 32 लाख रुपये का प्रस्ताव दिया। 6 अप्रैल 2023 को उन्हें सबरजिस्ट्रार कार्यालय बांसडीह ले जाकर जमीन की रजिस्ट्री अजहर हुसैन निवासी गुदरी बाजार बांसडीह के नाम से कर दी। रजिस्ट्री से पूर्व जब पैसे की मांग की तो भतीजे विनीत व आनंद ने कहा कि सभी पैसे का चेक ले लिया गया है। पैसा आपके खाते में चला जाएगा। इसके बाद कई दिनों बाद भी जब मेरे खाते में पैसा नहीं आया तो पूछताछ की। काफी प्रयास के बाद भी पैसा नहीं दिया गया। पुलिस से भी शिकायत की गयी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। मामले में पीड़ित की शिकायत सुनते हुए न्यायालय अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम ने पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिया। पुलिस ने चारों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है। संवाद