बैरिया/बांसडीह। बैरिया तहसील के सूचना कक्ष में एसडीएम आत्रेय मिश्र के अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इस दौरान कुल 25 मामले आए, जिसमें पांच का मौके पर निस्तारण हुआ। शेष को संबंधित विभागों में निस्तारण के लिए भेज दिया गया। अधिकांश मामले भूमि विवाद, पैमाइश और पुलिस से संबंधित रहे।
बिजली समस्या को लेकर वीडियो कांफ्रेंसिंग के कारण जिलाधिकारी की अध्यक्षता में तहसील दिवस नहीं हुआ। बैरिया में इब्राहिमाबाद निवासी दयानिधि यादव ने अपने मकान के निर्माण कार्य में अनावश्यक प्रतिरोध का मामला उठाया। लक्ष्मण छपरा निवासी रमापति पांडेय ने अपने पूर्वजों की ओर से खुदवाए गए गड्ढे पर दूसरे लोगों द्वारा अतिक्रमण का मामला उठाया।
जिला पंचायत सदस्य गीता सिंह ने गोपालपुर के शेष कटान पीड़ितों को भी आवासीय पट्टा उपलब्ध कराकर उन्हें बसाने का आग्रह किया। दया छपरा में पानी टंकी का निर्माण सहित केहरपुर के भी कटान पीड़ितों को बसाने का आवेदन दिया। इसी तरह चकिया निवासी काली प्रसाद वर्मा व लक्ष्मण छपरा निवासी अनु देवी ने भूमि विवाद का मामला उठाया। भाजपा के बेलहरी मंडल अध्यक्ष अश्वनी ओझा ने नौरंगा में तत्काल पीपा पुल बनवाने के लिए उप जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपा। उक्त संपूर्ण समाधान दिवस में क्षेत्राधिकारी उस्मान, राजस्व निरीक्षक सुरेश राम, महेंद्र सिंह,डा मनोज उपाध्याय,एन एन शुक्ल,राजेश ओझा, चौकी इंचार्ज लालगंज परमानंद तिवारी आदि मौजूद रहे।