बेल्थरारोड। ब्लॉक संसाधन केंद्र सीयर के प्रांगण में बुधवार को राष्ट्रीय आविष्कार अभियान 2024 के तहत ब्लॉक स्तरीय विज्ञान एवं गणित तथा विज्ञान मॉडल की प्रदर्शनी लगाई गई। जिसमें विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने आकर्षक मॉडल सजाए। प्रदर्शनी का शुभारंभ उच्च प्राथमिक विद्यालय सीयर के प्रभारी प्रधानाध्यापक शमीम इकबाल सिद्दीकी ने किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी राकेश सिंह ने कहा कि विज्ञान और प्रौद्योगिकी ऐसी युक्ति है, जिससे व्यक्ति, समाज और राष्ट्र का विकास संभव है। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साह वर्धन किया। क्वीज प्रतियोगिता में उच्च प्राथमिक विद्यालय अतरौल की काजल प्रथम, उधरन के सोनू कुमार द्वितीय तथा भिंड लखनसिंहा की अनु कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विज्ञान प्रदर्शनी में सोनाडीह और चंदायर कला के बच्चों ने बाजी मारी। प्रदर्शनी में शिक्षा क्षेत्र सीयर के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय समेत कंपोजिट विद्यालयों के 240 छात्र छात्राओं ने भाग लिया। इसमें जिला प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए 10 छात्रों को चयनित किया गया। उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। मौके पर देवेंद्र वर्मा, कृष्णानंद सिंह, वीरेंद्र यादव, शिवशंकर सिंह, भोला प्रसाद, शिमला रानी, नंदलाल शर्मा आदि मौजूद रहे।