बांसडीह। कोतवाली क्षेत्र के केवरा गांव में 29 जून को विवाहिता ज्योति की मौत मामले के 15 दिन बाद भी शव नहीं मिल पाया और न ही इस वारदात में शामिल अन्य अज्ञात अपराधियों की शिनाख्त हो पाई है। ज्योति के पिता सत्येंद्र सिंह ने दामाद संजय और उसके दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया था। पुलिस ने संजय सहित दो नामजद आरोपियों और कुछ अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार भी कर लिया था। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने ज्योति का शव सरयू नदी में फेंक दिया है। जानकारी मिलने के बाद पुलिस शव की बरामदगी के लिए कई दिन एनडीआरएफ टीम की मदद से खोजबीन की लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। तमाम कोशिशों के बावजूद शव का न मिलना, परिजनों की पीड़ा को और बढ़ा रहा है और स्थानीय लोगों में आक्रोश पनप रहा है। प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह का कहना है कि उन्होंने आरोपियों के क्रियाकलापों की वीडियो फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की है। इसके आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली गई है। जल्द ही उनके नाम सार्वजनिक किए जाएंगे और उनकी गिरफ्तारी भी सुनिश्चित की जाएगी।