बलिया। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय और इरादा टेक फाउंडेशन, गोरखपुर के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर शुक्रवार को हस्ताक्षर किया गया। जिसके तहत इरादा फाउंडेशन कृषि संकाय के सभी विद्यार्थियों के लिए कृषि कौशल विकास, प्रशिक्षण और स्वरोजगार की सुविधाएं प्रदान करेगा। इसके अतिरिक्त, मिट्टी परीक्षण और भूमि सुधार पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा, जिससे कृषि के क्षेत्र में सुधार संभव हो सके। एमओयू के उद्देश्य की चर्चा करते हुए कुलपति ने बताया कि बलिया कृषि प्रधान जनपद है, यहां कृषि आधारित शोध की आवश्यकता है। यहां परंपरागत कृषि होती है, जरूरत नवाचार को अपनाने की है। समझौता ज्ञापन पर विवि के कुलपति प्रो. संजीत कुमार गुप्ता ने एवं इरादा टेक फाउंडेशन के निदेशक हेमंत कुमार ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर इरादा टेक फाउंडेशन के प्रीतेश मिश्रा तथा विवि के डाॅ. पुष्पा मिश्रा, डाॅ. शशिभूषण, डाॅ. गुंजन कुमार, डाॅ. अजीत जायसवाल तथा डाॅ. लालविजय सिंह उपस्थित रहे।