बेल्थरारोड। प्राथमिक विद्यालय गजियापुर के प्रांगण में चल रहे महाराजा सुहेलदेव कबड्डी प्रतियोगिता के फाइनल में इटौरा ने थलईपुर को 13 अंकों से पराजित कर खिताब पर कब्जा जमाया। मुख्य अतिथि सूर्यकांत कुमार, अभय कुमार एवं विशिष्ट अतिथि कांग्रेसी नेता जनार्दन सिंह यादव ने विजेता और उप विजेता टीम को पुरस्कृत कर सम्मानित किया। मैच का शुभारंभ भीमपुरा थानाध्यक्ष शिवमिलन ने फीता काटकर किया। तत्पश्चात कांग्रेस नेता जनार्दन सिंह यादव ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। फाइनल मैच इटौरा और थलईपुर के बीच खेला गया, जिसमें इटौरा ने कड़े मुकाबले में थलईपुर को 39-26 से शिकस्त दे जीत का परचम लहराया। मनजीत कुमार रेफरी रहे, जबकि निर्भय राजभर ने कार्यक्रम का संचालन किया। इस मौके पर शैलेंद्र राजभर, अरुण राजभर, विशाल कुमार, दिवाकर सिंह, कौशल गिरी, अनिरुद्ध यादव, वीरेंद्र यादव आदि मौजूद रहे।