बलिया। जिलाधिकारी रवींद्र कुमार व पुलिस अधीक्षक राजकरन नय्यर ने मंगलवार को जिला कारागार का निरीक्षण किया। इसकी खबर लगते ही जेल प्रशासन और बंदियों में खलबली मच गई। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने जेल के किचन, अस्पताल समेत हर बैरक में जाकर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
हर एक कैदियों से मिलकर बातचीत की और आश्वस्त हुए कि उनकी कोई समस्या तो नहीं। इसके पश्चात परिसर की सुरक्षा व्यवस्था देखी। जेल परिसर की दीवार के नीचे व आबादी के बीच घिरी होने के कारण परिसर में वाच टावर बनाने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान बंदियों की मुलाकात चल रही थी।
जिलाधिकारी ने मुलाकात वाली जगह को लोहे की जाली से घेरने का निर्देश किया। पुलिस अधीक्षक राजकरन नय्यर ने सुरक्षा के दृष्टि से सीसी कैमरों का हाल जाना। खराब पड़े कैमरों को बदलने का निर्देश दिया। बंदी निरीक्षकों से जानकारी देते हुए निर्देश भी दिया।
गर्मी के मौसम को देखते हुए जेल अस्पताल में जाकर अधिकारियों ने वहां की चिकित्सा व्यवस्था देखी। दवाओं के स्टॉक से जुड़ी जानकारी ली। इस दौरान कोतवाल राजीव सिंह, उप निरीक्षक राजीव राय सहित अन्य चौकी प्रभारी व जवान मौजूद रहे।