बलिया/ इंदरपुर। शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से जारी परफॉरमेंस ग्रेडिंग इंडेक्स (पीजीआई) रैंकिंग में उप्र की स्थिति असंतोषजनक रही है। इसे देखते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी प्रधानाचार्यों को सख्त निर्देश दिए हैं। डीआईओएस मनोज कुमार मिश्र ने यू-डायस 2026-27 पोर्टल पर शुद्ध एवं त्रुटिरहित डेटा अपलोड करने के लिए कहा है। वर्तमान में यू-डायस 2026-27 के लिए डेटा दर्ज करने का कार्य गतिमान है। कक्षा एक से 12 तक के सभी स्कूलों का डेटा कैप्चर फॉर्मेट (डीसीएफ) के माध्यम से लॉगिन कर भरा जा रहा है। जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार मिश्र ने समस्त राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त और वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए हैं। उन्हें यू-डायस 2026-27 में पीजीआई रैंकिंग के 70 प्रश्न/सूचकों का शुद्ध एवं त्रुटिरहित डेटा अपडेट सुनिश्चित करने को कहा गया है।