बलिया। सीयर ब्लॉक के पतनारी गांव की परिवार पंजिका में सचिव द्वारा कूटरचना करने का मामला सामने आया है। डीपीआरओ ने इस मामले में ब्लॉक के एडीओ पंचायत को संबंधित सचिव के खिलाफ एफआईआर कराने का निर्देश दिया है।
सीयर ब्लॉक के पतनारी गांव की निवासिनी मीरा पांडेय ने बृहस्पतिवार को डीपीआरओ को शिकायत पत्र देकर बताया कि सचिव की ओर से मनमाने तरीके से परिवार पंजिका में छेडछाड़ की गई है। महिला ने सचिव की ओर से जारी परिवार पंजिका की प्रति देते हुए दिखाया कि व्हाइटनर लगाकर उनका व उनके बेटे का नाम पर किसी और का नाम अंकित कर दिया गया है।
यह भी बताया कि इस बाबत तहसील दिवस पर शिकायत के बाद सचिव की ओर से बार-बार आश्वासन दिया जाता है लेकिन दुरुस्त नहीं किया जा रहा है। डीपीआरओ ने माना कि परिवार पंजिका कस्टोडियन एडीओ पंचायत होते हैं। उनके द्वारा ही जांच पड़ताल के बाद नाम काटने व जोड़ने का कार्य करने का प्रावधान है। शिकायत में प्रस्तुत साक्ष्य कूटरचना की श्रेणी में आता है।
डीपीआरओ यतेंद सिंह ने साक्ष्यों के आधार पर प्रथम दृष्टया दोषी मानते हुए पतनारी गांव के सचिव के खिलाफ एफआईआर करा उसकी प्रति उपलब्ध कराने का निर्देश सीयर ब्लॉक के एडीओ पंचायत राजेश को दिया।