रसड़ा। क्षेत्र के डेहरी गांव में मारपीट में घायल वृद्ध ने मंगलवार की सुबह मऊ में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मौत की खबर लगते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने पिता एवं दो बेटों पर मुकदमा पंजीकृत कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
डेहरी गांव में तीन सौ रुपये बकाया मजदूरी को लेकर सोमवार की शाम दो पक्ष आमने-सामने हो गए थे। जमकर मारपीट में डेहरी निवासी रामचंद्र राजभर (60), निगम (35), अर्जुन (32) तथा दूसरे पक्ष से अमरनाथ (62) तथा पवन (30) घायल हो गए थे। आनन-फानन में सभी घायलों को अस्पताल लाया गया। इलाज के दौरान वृद्ध की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने रेफर कर दिया।
मऊ के एक निजी चिकित्सालय में मंगलवार की सुबह इलाज के दौरान रामचंद्र ने दम तोड़ दिया। मृतक के पुत्र अर्जुन की तहरीर पर पुलिस ने अमरनाथ और उनके पुत्र अमित एवं पवन के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रामचंद के पुत्र निगम ने ठेके पर काम लेकर पवन से काम कराया था। पवन की तीन सौ मजदूरी बाकी थी। इसी को लेकर इन परिवारों के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका था।