चितबड़गांव नगर पंचायत में यात्री प्रतीक्षालय और नाला का लोकार्पण करते नगर पंचायत चेयरमैन अमरजीत
चितबड़ागांव। नगर पंचायत चितबड़ागांव ने नगरवासियों को विकास कार्यों की महत्वपूर्ण सौगात दी। बृहस्पतिवार को वार्ड संख्या-4 मालवीय नगर में मॉडल यात्री प्रतीक्षालय तथा लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नाला निर्माण कार्य का लोकार्पण पूर्व मंत्री उपेन्द्र तिवारी एवं नगर पंचायत अध्यक्ष अमरजीत सिंह ने संयुक्त रूप से किया। मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री उपेन्द्र तिवारी ने कहा कि आजादी के बाद भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में नगर पंचायत चितबड़ागांव लगातार विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है। प्रदेश सरकार की मंशा अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने की है और इसी सोच के अनुरूप नगर में निरंतर विकास कार्य कराए जा रहे हैं। नगर पंचायत अध्यक्ष अमरजीत सिंह ने कहा कि पवित्र सावन माह के शुभ अवसर पर जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नगरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल की गई है। अमरजीत सिंह ने मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री उपेन्द्र तिवारी सहित मंचासीन अतिथियों का अंगवस्त्र पहनाकर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।