मायके में करीब दस माह रहने के बाद छत्तीसगढ़ से अपने ससुराल पहुंची पत्नी को उसके पति ने ही डंडा लेकर घर में प्रवेश करने से रोक दिया। इससे पत्नी उग्र हो गई तथा पति के भाई व रिश्तेदारों के विरोध करने पर जमकर मारपीट हुई, इससे मौके पर भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची, लेकिन दोनों पक्ष अपने जिद पर अड़े रहे।
मामला बेल्थरारोड के सोनाडीह मोड़ का है। दीपक की शादी करीब 10 वर्ष पूर्व छत्तीसगढ़ के कोरबा निवासी सुजाता देवी के साथ हुई थी। उसका पांच वर्षीय एक पुत्र भी है। दीपक ने करीब नौ माह पूर्व अपनी पत्नी को पुत्र हिमांशु के साथ ट्रेन से रिजर्वेशन करा कर उसके मायके भेज दिया। अब उसे वापस लाने के लिए तैयार नहीं था। उधर, पत्नी अपने मायके में पति के बुलावे का इंतजार कर रही थी। परेशान होकर पत्नी ने अपने भाई अजय शाह, मां बिंदु शाह और अन्य रिश्तेदारों के साथ अपने बेटे को लेकर शुक्रवार को पति के घर पहुंच गई, लेकिन पति दीपक ने उसे घर में जाने ही नहीं दिया। इसको लेकर जमकर हंगामा हुआ। इस दौरान दोनों पक्षों में मारपीट हो गई, जिससे कई लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बावजूद देर शाम तक पत्नी को पति के घर में प्रवेश नहीं मिल सका था। एसएचओ डीके श्रीवास्तव ने बताया कि दोनों पक्षों में सुलह की बात चल रही है। पुलिस को अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।