सिकंदरपुर। थाना क्षेत्र के कुड़ियापुर-जमुई मार्ग के मध्य पुलिया के समीप बिना चालक के अनियंत्रित घोड़ा गाड़ी की चपेट में आकर 60 वर्षीय व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के लिए ले जाते समय सुखपुरा के पास एंबुलेंस में ही मौत हो गई। रास्ते में आए एक व्यक्ति का बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गया।
कुड़ियापुर गांव निवासी हरि यादव (60) पुत्र अनेश यादव रविवार की दोपहर जमुई चट्टी से पैसा लेकर घर वापस आ रहे थे । वह जैसे ही कुड़ियापुर व जमुई के मध्य स्थित पुलिया के समीप पहुंचे कि अचानक लीलकर की तरफ से आ रही चालक रहित तेज रफ्तार घोड़ा गाड़ी की चपेट में आ गए। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद उन्हें आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर ले जाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने सदर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। सदर अस्पताल ले जाते समय सुखपुरा के समीप उन्होंने एंबुलेंस में ही दम तोड़ दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, घोड़ा गाड़ी को चालक कुड़ियापुर मोड़ के समीप खड़ी करके शौच के लिए खेत में चला गया था। गाड़ी में बांधा घोड़ा बिदक गया तथा वहां से भागने लगा। रास्ते में आने वाले हर चीज को क्षतिग्रस्त करता गया।