सभी ट्रेनों में नो रूम की स्थिति, तत्काल में भी नहीं हो रही बुकिंग
जनरल और स्लीपर क्लास का भेद भी मिटा, भारी भीड़
संवाद न्यूज एजेंसी
बैरिया। होली मनाने के लिए महानगरों से अपने घर आए लोगों को अब वापस जाने में भारी मशक्कत करनी पड़ रही है। बावजूद इसके, यात्रा की कठिनाइयों से उन्हें छुटकारा नहीं मिल रहा है। अहमदाबाद, सूरत, पंजाब, दिल्ली और महाराष्ट्र जाने वाली सभी ट्रेनों में भारी भीड़ है। स्लीपर और जनरल क्लास के डिब्बों का भेद मिट गया है। आरक्षित डिब्बों में भी पैर रखने की जगह नहीं मिल रही है।
वातानुकूलित क्षेणी का टिकट मिलना तो काफी दूर की बात हो गई है। लंबी दूरी की अधिकांश ट्रेनों में लंबी वेटिंग है। बावजूद इसके, आरक्षण खिड़की सुरेमनपुर में रोज भारी भीड़ हो रही है। तत्काल टिकट के लिए रात भर इंतजार करने के बावजूद लोगों को तत्काल टिकट नहीं मिल पा रहा है क्योंकि एक या दो ही तत्काल टिकट आरक्षण खिड़की से बुक हो पा रहा है। उसके बाद कोटा फूल दिखने लगता है। ऐसे में यात्री अपने गंतव्य तक कैसे जाएं यह काफी कठिन है।
सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन के वाणिज्य अधीक्षक पंकज कुमार ने बताया कि यात्रियों की भारी भीड़ के चलते सभी ट्रेनों में टिकट फुल हैं। ट्रेनों में कोच की संख्या अगर बढ़ेगी तो यात्रियों को राहत हो सकती है।