बलिया। कलेक्ट्रेट परिसर में परिवहन मंत्री व सांसद के सामने डीएम का पैर पकड़ बेटे पर जानलेवा हमला करने वालों को गिरफ्तार करने की गुहार लगाते पिता का वीडियो वायरल हो रहा हैं। डीएम की फटकार के बाद पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
रेवती कस्बा निवासी हरिकेश्वर चौबे घायल बेटे शुभम चौबे व पत्नी के साथ जिलाधिकारी को पत्रक सौपा। इस दौरान डीएम रवीन्द्र कुमार का पैर पकड़ बेटे को चाकू मारने वालों को गिरफ्तारी के लिए गुहार लगाई। उस समय साथ में परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह व सांसद वीरेन्द्र सिंह मस्त और अधिकारियों व कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ रही। इसका वीडियो वायरल इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है।
डीएम ने तत्काल संबंधित अधिकारी को मामले को संज्ञान लेने का निर्देश दिया। हरिकेश्वर चौबे ने कहा कि होली के दिन कस्बा निवासी कुछ लोगों ने पुराने विवाद को लेकर चाकू मार कर अधमरा कर दिया था। तहरीर देने के बावजूद आरोपी खुलेआम घूम कर धमकी दे रहे है। पुलिस आरोपियों पर करवाई नही कर रही।
वहीं, इस बाबत थाना प्रभारी हरेन्द्र सिंह ने बताया कि इस मामले में शिकायत पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर चालान कर दिया गया है। वह जेल में निरुद्ध हैं। दो आरोपी फरार है, उन पर कानूनी प्रकिया के तहत कार्रवाई हो रही है। हरिकेश्वर दबाव बनाकर अन्य लोगों को आरोपी बनाना चाहते हैं।