बेल्थरारोड। क्षेत्र के सोनाडीह स्थित भागेश्वरी- परमेश्वरी मंदिर परिसर में चल रहे अखिल भारतीय अंतरविद्यालयीय महिला फुटबॉल चैंपियनशिप में हिंडालको ने आजमगढ़ को एक गोल से पराजित कर दिया। वहीं टाटानगर ने भोपाल को दो गोल से हरा दिया। अन्य मैच में देवरिया ने वाराणसी को तीन गोल से शिकस्त दे अगले चक्र में प्रवेश किया। हिंडालको ने लगातार दूसरी बार शानदार प्रदर्शन करते हुए आजमगढ़ को 2-0 से शिकस्त दे श्रेष्ठता सिद्ध की। इसके अलावा टाटानगर के खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए भोपाल को दो गोल से हरा दिया। दूसरे राउंड के मैच में टाटा नगर ने वाराणसी को 3-0 से पराजित कर दिया। मध्यांतर के पूर्व विजेता 2-0 से आगे थे। टूर्नामेंट का शुभारंभ विधायक धनंजय कनौजिया ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। विधायक ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। इसके बाद थानाध्यक्ष योगेंद्र बहादुर सिंह ने गेंद को किक मार टूर्नामेंट की शुरुआत की। दीपक सिंह, मोहम्मद खुर्शीद रेफरी रहे , जबकि अजीत सिंह ने कमेंटेटर की भूमिका निभाई। इस मौके पर अरुण कुमार, असलम राही, मृत्युंजय शुक्ल, सूर्यभान, जिलाजीत, निखिल प्रताप सिंह, पप्पू यादव, उदय प्रताप सिंह, अनिल यादव आदि मौजूद रहे।