मिशन शक्ति के तहत महिलाओं और युवतियों का जागरुक करती महिला पुलिसकर्मी। पुलिस विभाग
बलिया। मिशन शक्ति अभियान के तहत पुलिस की ओर से जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाया गया। इसके तहत महिला सुरक्षा दलों और एंटी रोमियो टीमों ने स्कूलों, बाजारों, मंदिरों, कस्बों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान महिला चौपाल लगाकर जागरूकता संबंधी पर्चे भी वितरित किए गए। गुड टच-बैड टच के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यदि किसी परिचित या अपरिचित व्यक्ति का व्यवहार उन्हें असहज करे अथवा गलत तरीके से छूने का प्रयास किया जाए तो तत्काल वहां से हटकर अपने अभिभावक, शिक्षिका या पुलिस को इसकी जानकारी दें। सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करने और साइबर अपराध से बचाव के उपाय भी बताए गए।