बैरिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा में स्थापित किए गए टेली मेडिसिन सेंटर से लोगों को राहत मिल रही है। पीजीआई लखनऊ व आयुर्विज्ञान संस्थान दिल्ली के विशेषज्ञ चिकित्सक ऑनलाइन रोगियों का उपचार कर रहे हैं। रोजाना 25 से 30 रोगी परामर्श ले रहे हैं। टेलीमेडिसिन सेंटर पर सूर्य प्रकाश मिश्र व राजधन यादव को बतौर समन्वयक तैनात किया गया है। यह रोगियों की परेशानी पूछ कर उसे एम्स व पीजीआई के चिकित्सकों से बता रहे हैं। जिसके बाद वीडियो कांफ्रेंसिंग से संबंधित रोगी चिकित्सक से बातचीत कर रहा है और चिकित्सक रोग के आधार पर उन्हें दवा बता रहे हैं। प्रदेश सरकार की इस योजना से प्रतिदिन 25 से 30 पुराने रोगियों का उपचार किया जा रहा है। ऐसे में रोगियों को लखनऊ व दिल्ली का चक्कर नहीं लगाना पड़ रहा है।