नवानगर क्षेत्र के नरहनी गांव में खेत में कटाई के लिए ले जा समय पलटा हार्वेस्टर।
- फोटो : BALLIA
सिकंदरपुर/नवानगर। थाना क्षेत्र के नरहनी गांव के समीप शनिवार की सुबह हार्वेस्टर खेत में उतरते समय पलट गया। इसमें ड्राइवर और एक कर्मचारी दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने चालक को मृत घोषित कर दिया। दूसरे की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेज दिया गया।
मुख्तार खान निवासी मटुरी थाना सिकंदरपुर का हार्वेस्टर शनिवार को सुबह धान काटने के लिए नरहनी गांव जा रहा था। अभी वह बंधे से नीचे उतर रहा था, तभी असंतुलित होकर पलट गया। इसमें ड्राइवर भुट्टो शर्मा (25) पुत्र जुगली शर्मा और कर्मचारी दिलीप कुमार यादव पुत्र रामचंद्र यादव निवासी मोहनिया नबटोलिया पूर्णिया (बिहार) गाड़ी के नीचे दबकर बुरी तरह घायल हो गए। दोनों घायलों को करीब एक घंटे बाद जेसीबी की मदद से बाहर निकलवाया गया। आसपास मौजूद लोगों ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर पहुंचाया। ड्राइवर भुट्टों को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। दिलीप कुमार यादव की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल बलिया रेफर कर दिया। घटना की सूचना पाकर अस्पताल पहुंचे प्रभारी निरीक्षक योगेश यादव ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।