बेल्थरारोड। नगर पालिका परिषद बलिया के पूर्व अध्यक्ष व्यापारी नेता लक्ष्मण गुप्ता ने सपा कार्यकर्ताओं के साथ एसडीएम की पिटाई से घायल युवक से मुलाकात की। उन्होंने पीड़ित रजत से घटना के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने एसडीएम की कार्यशैली को अमानवीय, अव्यवहारिक और अक्षम्य बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार में पुलिस और प्रशासन बेलगाम हो जनता का उत्पीड़न कर रही है। उन्होंने पीड़ित परिवार को ढांढस बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार में व्यापारियों के साथ हो रहे उत्पीड़न को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले के अधिकारी अंग्रेजी हुकूमत की तरफ जनता का उत्पीड़न कर रहे हैं। लॉकडाउन में मास्क चेकिंग और व्यापारियों के वाहनों का चालान काटने के नाम पर धन उगाही की जा रही है। उन्होंने कहा कि जनता के आक्रोश को देखते हुए एसडीएम को निलंबित और उसके खिलाफ मात्र एनसीआर दर्ज कर मामले की लीपापोती की जा रही है। जबकि व्यापारियों के साथ क्रूर दुर्व्यवहार करने वाले अधिकारी को बर्खास्त कर जेल में डाल देना चाहिए। व्यापारियों की हितेषी होने का ढोंग रचने वाली भाजपा सरकार के राज में व्यापारियों का लगातार उत्पीड़न किया जा रहा है। जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेताया कि व्यापारी समुदाय के उत्पीड़न की कार्रवाई पर लगाम नहीं लगाया गया तो जिले के सारे व्यापारी सड़क पर उतरकर आंदोलन का शंखनाद करेंगे। इस मौके पर सपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष इरफान अहमद, पूर्व नगर पंचायत चेयरमैन डॉ हरिप्रकाश, प्रशांत कुमार मंटू, मोहन सिंह वर्मा, कमलेश वर्मा, सुनील कुमार टिंकू आदि मौजूद रहे।