उत्तर प्रदेश सीनियर बेसिक शिक्षक संघ के जनपदीय इकाई की बैठक रविवार को आवास विकास कालोनी स्थित लॉन में हुई। इसमें शिक्षकों व पदाधिकारियों ने जांच के नाम पर हो रहे उत्पीड़न के विरुद्ध आवाज बुलंद हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि 16 मार्च को जिलाधिकारी को पत्रक सौंपा जाएगा।
बैठक में सबसे पहले बलिया तहसील के अध्यक्ष के रूप में दिलीप सिंह व हनुमान गंज के ब्लाक अध्यक्ष के रूप में निर्भय शंजर राय का चयन किया गया। दोनों नवनियुक्त पदाधिकारियों का माला पहनाकर स्वागत किया गया। इसके बाद सभी के द्वारा मांग की गई कि पुरानी पेंशन बहाल की जाए। चयन वेतनमान व प्रोन्नत वेतनमान की पत्रावलियों का निस्तारण अविलंब किया जाए। शिक्षणेत्तर कर्मचारियों का एसीपी पत्रावली निस्तारित की जाएं। डीबीटी की समस्त जिम्मेदारी खण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय को दी जाए। मांग की कि पूर्व में दिए गए टीएलएम को पुन: दिया जाए।
अंत में निर्णय लिया गया कि 16 मार्च को जिलाधिकारी कार्यालय पर धरना में अधिक से अधिक सहभागिता हो। बैठक में अबीर-गुलाल लगाकर एक दूसरे को होली की बधाई दी गई। तय हुआ कि अगली बैठक 23 अप्रैल को इसी स्थान पर होगी। इस अवसर पर वरिष्ठ प्रांतीय उपाध्यक्ष सुशील कुमार पांडेय कान्हजी, अमित सिंह आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अशोक केशरी ने की।