बैरिया। गोंड समाज के पात्र लोगों को जाति प्रमाण पत्र जारी नहीं होने का मामला शासन तक पहुंच गया है। समाजसेवी एवं भाजपा नेता सूर्यभान सिंह की शिकायत पर अपर मुख्य सचिव संजय प्रसाद ने जिलाधिकारी को प्रकरण की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में उन्होंने बताया कि पूर्व में भी शासन से शिकायत की गई थी और अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश मिले थे। जांच आख्या में गोंड जाति के प्रमाण पत्र जारी होने का उल्लेख भी था। इसके बावजूद पात्र लोगों को प्रमाण पत्र नहीं मिल रहे हैं। इसको लेकर आनंद शंकर गोंड समेत अन्य लोगों ने धरना दिया था। शासन के निर्देश के बाद समाज में समाधान की उम्मीद जगी है।