जनपद में बाइक चोरी की घटनाएं बढ़ गई हैं। शहर के मोहल्ले, बाजार और सरकारी कार्यालयों के परिसर में बाइक चोर गिरोह ने आतंक मचा रखा है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में औसतन प्रतिदिन बाइक चोरी हो रही हैं। पिछले एक माह में अलग-अलग थानों में दर्जनों बाइक चोरी के मामले दर्ज हैं। नगर क्षेत्र के जिला अस्पताल परिसर व कलक्ट्रेट परिसर, रेलवे स्टेशन व बाजार में खड़े दो पहिया वाहनों पर चोरों की निगाह टिकी हुई है। इसके अलावा बैंक, सब्जी बाजार सहित अन्य स्थानों से पलक झपते ही मोटरसाइकिल उड़ा दे रहे हैं। आए दिन हो रही चोरी की घटनाओं के बीच कुछ बाइकों की बरामदगी कर खुद की पीठ थपथपा रही है। पुलिस को आए दिन चोर खुली चुनौती दे रहे हैं। स्थानीय थाना पुलिस ने चोरियों पर लगाम लगाने में पूरी तरह से विफल साबित होती दिखाई पड़ती है। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से लोगों में आक्रोश हैं। पुलिस की कार्यप्रणाली देख लोगों को खुद तत्पर रह कर बाइक चोरी होने से बचा सकते हैं। सदर तहसील परिसर में सात अक्तूबर को तहसीलकर्मी रितेश सिंह की बाइक स्टैंड से चोरी हो गई। उन्होंने इसकी शिकायत कोतवाली पुलिस को दी। उन्होंने मुकदमा दर्ज कर लिया है। अब तक बाइक का पता नहीं चल सका। पुलिस केस दर्ज कर खानापूरी कर लिया है। इसी तरह पुलिस अधीक्षक कार्यालय में तैनात जवान सुनील सिंह की बाइक को चोरों ने चित्तूपांडेय चौराहा से चुरा लिया। वह बाइक खड़ी कर सब्जी खरीदने चले गए। वापस लौटे तो बाइक गायब थी। कोतवाली पुलिस ने शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया। वाहन चोरों के खिलाफ अभियान चल रहा है। पिछले सप्ताह चार अंतरजनपदीय चोर दर्जनों चोरी की बाइक संग गिरफ्तार हुए है। लगातार पुलिस को सफलता मिल रही हैं। अन्य बाइक चोरी के मामलों का जल्द खुलासा होगा।