हनुमानगंज। सदर कोतवाली के बहादुरपुर चट्टी स्थित शनिवार की शाम एक बाइक की डिग्गी का ताला तोड़कर उसमें रखे सात लाख रुपये का गहना उचक्कों ने चुरा लिया। इसकी जानकारी होते ही आभूषण व्यापारी के होश उड़ गए। दुकान में लगे सीसी कैमरे में चोरी की घटना रिकार्ड हो गई है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच कर रिकार्डिंग को लेकर उचक्के की तलाश में लग गई है। सराफ के भाई प्रदीप वर्मा की तहरीर पर दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। शहर के जापलिनगंज निवासी संतोष वर्मा की सुखपुरा और बहादुरपुर चट्टी पर स्वर्ण आभूषण की दुकान है। प्रत्येक दिन की भांति वह शनिवार की रात आठ बजे सुखपुरा की दुकान बंद कर निकले थे।
बारिश होने के कारण बहादुरपुर स्थित दुकान पर बाइक खड़ी करके अंदर बैठ गए। इसी बीच मुंह पर कपड़ा बांधे एक युवक बाइक के अगल-बगल घूमने लगा। बाइक की डिग्गी का ताला तोड़कर उसमें रखा करीब सात लाख के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। संतोष वर्मा घर जाने के लिए बाइक से यहां पहुंचे तो डिग्गी खुला देख, होश उड़ गये। वह चिल्लाने लगे, दुकान और आसपास के लोग जुट गए। उन्होंने आभूषण से भरा बैग चोरी होने की जानकारी दी। दुकान में लगे सीसी कैमरे में चोरी की पूरी घटना कैद थी।
संतोष वर्मा ने पुलिस को अज्ञात चोर के खिलाफ शिकायत दे दी है। प्रभारी कोतवाल राजीव सिंह ने बताया कि सीसी कैमरे से मिले वीडियो के आधार पर चोर की शिनाख्त की जा रही है। जल्द ही गिरफ्त में होगा।