बैरिया। जनपद के सभी विकास खंडों में केन्द्र सरकार के सहयोग से गोबर गैस प्लांट की स्थापना की जाएगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रसोई गैस उपलब्ध कराया जाएगा, वहीं गांवों में रोशनी के लिए भी गैस का उपयोग किया जाएगा। एक गोबर गैस प्लांट की स्थापना में 36 लाख रुपये खर्च आएंगे।
उक्त जानकारी देते हुए सांसद वीरेन्द्र सिंह मस्त ने बताया कि गाजीपुर के मोहम्दाबाद विधानसभा क्षेत्र में गोबर गैस प्लांट का निर्माण शुरू हुआ है। जनपद के सभी विकास खंड क्षेत्रों में जल्द ही गोबर गैस प्लांट का निर्माण शुरू कराया जाएगा। सांसद ने क्षेत्र के समस्त गोआश्रय केन्द्र के संचालकों से आग्रह किया है कि गोवंशों की देखरेख उसी अंदाज में करें जैसे अपने परिवार का करते हैं। जल्द ही गोवंशों का पालन काफी फायदे का व्यवसाय होगा। क्योंकि केन्द्र सरकार सभी गोआश्रय केंद्रों से व पशुपालकों से गोबर खरीदेगी। सांसद बुधवार को सोनबरसा स्थित अपने कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बकुल्हा में रेलवे यार्ड बनाने के संदर्भ में कार्रवाई प्रगति पर है बरसात से पहले जल भराव की समस्या के समाधान के लिए कार्य काफी तेजी पर है।