हल्दी थाना क्षेत्र के बसुधरपाह गांव निवासी उपेंद्र पांडेय (35) पुत्र रामजी पांडेय और अरुण कुमार पांडेय (26) पुत्र बलिराम पांडेय भी एक बरात में शामिल होने के लिए जा रहे थे। रात करीब नौ बजे दोनों बाइक से जैसे ही भरसौता स्थित पेट्रोल पंप से आगे बढ़े, सामने से आ रहे ट्रक की तेज लाइट की वजह बाइक सवार पास में ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गए। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उपेंद्र को मृत घोषित कर दिया। उपेंद्र तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके दो बेटे 8 वर्ष व पांच वर्ष के हैं। पत्नी रेखा समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गड़वार थाना क्षेत्र के कुरेजी निवासी महेश राजभर (30) प्रत्येक दिन की तरह गुरुवार सुबह ट्रैक्टर-ट्रॉली पर मिट्टी लादने गया था। ट्रॉली पर मिट्टी लादने के दौरान वह मिट्टी के टीले व ट्रैक्टर की चपेट में आ गया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जा रहे थे कि रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।