रामगढ़। गंगा नदी के जलस्तर में शुक्रवार को 10 सेमी प्रति घंटे का बढ़ाव शुरू हो गया है। दुबे छपरा में कटान शुरू हो गया है। सूचना पर रामगढ़ पहुंचे विभागीय अधिकारियों ने बचाव कार्य शुरू कर दिया।
केंद्रीय जल आयोग गायघाट के अनुसार शुक्रवार दोपहर 12 बजे गंगा नदी का जल स्तर 55.810 मीटर रिकाॅर्ड किया गया। यहां खतरा बिंदु 57.615 मीटर है। जल स्तर में 10 सेमी प्रति घंटे का बढ़ाव हो रहा है। दूबे छपरा बालिका इंटर कालेज के पास से उत्तर दिशा में तीव्र कटान शुरू हो गया है। बैरिया एसडीएम के साथ ही बाढ़ खंड के अधिकारी मौके पर पहुंचे। बचाव कार्य शुरू करा दिया। बावजूद कटान पर अंकुश नहीं लग पाया है। अचानक तेज कटान के बाद उक्त संस्था पर संकट गहरा गया है।
ग्रामीणों के अनुसार गुहार के बाद भी उक्त स्थल पर विभाग बचाव कार्य की कोई परियोजना नहीं बनाई गई। इससे यह स्थिति उत्पन्न हुई है। कटान की तेजी देख ग्रामीण भयभीत हैं। नदी किनारे से बस्ती की दूरी महज 50 मीटर ही रह गई है। सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे के बीच मौजा गोपालपुर के किसान प्रभाकर तिवारी, रमेश तिवारी, शंकर दयाल तिवारी, बृजभूषण तिवारी, गोपाल तिवारी, श्याम विहारी तिवारी, शिवजी सिंह आदि के तीन बीघे से भी अधिक खेत नदी में विलीन हो गए।