नगरा। थाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार की रात तीन आरोपियों ने एक किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। किशोरी ने फोन से परिजनों को वारदात की जानकारी दी। पिता की तहरीर पर पुलिस ने बुधवार रात को ही मुकदमा दर्ज आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। किशोरी को मेडिकल के लिए भेजा गया है।
नगरा थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी बुधवार शाम अपने ननिहाल रसड़ा से आकर ऑटो से उतर कर पैदल ही घर जा रही थी। किशोरी अभी अस्पताल के समीप ही पहुंची थी कि तीन युवकों ने उसे रोककर पूछा कि कहा जा रही हो। इस पर किशोरी ने कहा कि घर जा रही हूं। तीनों ने कहा कि चलो तुम्हारी मम्मी के पास पहुंचा दे। किशोरी ने कहा कि मेरी मम्मी ननिहाल है। इसके बाद तीनों युवकों ने किशोरी का मुंह दबाकर अस्पताल के समीप सुनसान मकान पर ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और उसे छोड़कर भाग निकले। किशोरी ने रोते हुए अपने पिता को मोबाइल से घटना की जानकारी दी। पीड़िता का पिता तुरन्त थाने पर पहुंचकर पुलिस को घटना की नामजद तहरीर दी। गैंगरेप की जानकारी मिलते ही एक्शन मोड़ में आई पुलिस ने रात में ही मुकदमा दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष बृजेश सिंह ने बताया कि किशोरी के पिता के तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।