गड़वार। बाजार स्थित गांधी चबूतरा मार्ग के पास स्थित तालाब के किनारे चारों तरफ कूड़े कचरे का अंबार लगा हुआ है और दिन भर सूअर घूमते नजर आते है। जिससे संक्रामक रोग फैलने की आशंका बनी रहती है। उल्लेखनीय है कि यहां पर राहगीरों का आना जाना हमेशा बना रहता है और इसके आस पास घनी आबादी है। इस वक्त जब कोरोना महामारी अपने चरम पर है इसकी साफ सफाई की सुध लेने वाला कोई नहीं है। इस संबंध में जंगली बाबा सेवा संस्थान के सदस्य पूर्व में कई बार ब्लॉक कार्यालय ,गड़वार को अवगत करा चुके हैं। इसके बावजूद भी आजतक यहां सफाई कर्मियों का पता नहीं है। गांव के सोनू गुप्ता, आमिर खान, अनुराग श्रीवास्तव, प्रखर कुमार, देवानंद खरवार, विजय गुप्ता, प्रमोद कुमार, पंकज, लाल चंद वर्मा ने उच्चाधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया है।