क्षेत्र के ग्राम सभा बिसौली के हसनपुरा पुरवा में महिला की हत्या कर शव को सरयू नदी में फेंक दिया गया। महिला के पिता ने तहरीर में पति, ससुर व देवर पर महिला को मारकर नदी में फेंकने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सुखपुरा थाना क्षेत्र के धर्मपुरा निवासी कल्लू राजभर ने आरोप लगाया मैंने अपनी पुत्री सीमा की शादी सहतवार थाना क्षेत्र के ग्राम सभा बिसौली के हसनपुरा पुरवा में शिवकुमार राजभर से की थी। शनिवार शाम को पता चला कि सीमा ने फांसी लगाकर जान दे दी है। मैंने सीमा के ससुरालियों से कहा कि आऊंगा तब शव का अंतिम संस्कार करना। मेरे पहुंचने से पहले ही घरवाले उसके शव को सरयू नदी में फेंक दिया था। आरोप लगाया कि पति शिवकुमार, ससुर रामशरण और देवर राजकुमार ने सीमा की हत्या कर सरयू नदी में फेंक दिया है। उन्होंने न्याय के लिए सहतवार थाने में गुहार लगाई। शनिवार देर शाम तक पुलिस ने शव की तलाश की, लेकिन पता नहीं लग पाया।