बांसडीह। भूस्वामी की मौत के बाद उसके वास्तविक वारिसों के बदले कूटरचना कर गलत तथ्यों के आधार पर व्यक्ति को नवल्द दिखाकर उसके पट्टीदारों का नाम चढ़ाने के मामले में पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर उसके पट्टीदार, भूमि को खरीदने वाले व तत्कालीन कानूनगो व लेखपाल के खिलाफ धोखाधड़ी व कूटरचित दस्तावेज बनाने का मुकदमा दर्ज किया है।
बांसडीह कस्बे के वार्ड आठ निवासी विनीत कुमार ने न्यायालय एसीजीएम प्रथम में परिवाद दाखिल कर आरोप लगाया है कि उनके पिता हरेंद्र कुमार की मौत के बाद उनके पट्टीदारों ने लेखपाल और कानूनगो के साथ मिलकर उनके पिता को नवल्द दिखाकर उनकी जमीन को अपने नाम करवा ली। इस दौरान वादी रोजी रोटी के सिलसिले में गोरखपुर में रह रहा था।
पट्टीदारों द्वारा जमीन पर नाम चढ़ाने के बाद उक्त भूमि के कुछ नंबर को एक अन्य व्यक्ति को बेंच दिया गया। उन्हें किसी तरह इसकी जानकारी हुई। इसके संबंध में पुलिस से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। मामले में पीड़ित द्वारा न्यायालय में उपस्थित होकर कार्रवाई की गुहार लगाई।
न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने प्रकरण में नामजद पांच व्यक्तियों सहित तत्कालीन कानूनगो व लेखपाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस संबंध में इंस्पेक्टर बांसडीह योगेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि प्रकरण में न्यायालय के आदेश पर अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।