क्षेत्र के खरौनी गांव में मंगलवार की देरशाम आग लगने से चार झोपड़ियां जलकर राख हो गई। अगलगी में एक महिला सहित दो गाय व एक बछिया भी झुलस गई।
गांव के अजय यादव के घर पर अज्ञात कारणों से मंगलवार की देरशाम अचानक आग लग गई। अगलगी में बाइक, पम्पिग सेट, साइकिल, अनाज, बिस्तर खोप में रखा भूसा, बर्तन आदि हजारों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग बुझाने व मवेशियों को बचाने के प्रयास में अजय यादव की पत्नी सुमन देवी झुलस गई। परिजन इलाज के लिए पीएचसी बांसडीह ले गए जहां डाक्टरों ने जिला अस्पताल को रेफर कर दिया। सुमन का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। मौके पर पंहुचे गांव के पूर्व प्रधान राजू सिंह व अन्य ग्रामीणों के प्रयास स आग पर काबू पाया।
सहतवार थाना क्षेत्र के बिसौली चट्टी पर सोमवार की देर रात आग लगने से दो गुमटी में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया।
बताया जा रहा है कि बिसौली निवासी शंभू ठाकुर सैलून की दुकान व सनी खरवार पान की दुकान बिसौली चट्टी पर गुमटी में खोले हैं। रोज की तरह सोमवार की शाम को अपना दुकान बंद करके दोनों अपने घर चले गए थे। देर रात में अचानक आग की लपटें देखकर आसपास के लोग आग लगने वाले स्थान की तरफ दौड़ कर गए। शम्भू ठाकुर की सैलून व सनी खरवार की पान की दुकान जल रही थी। हो हल्ला सुनकर आसपास के कई लोग मौके पर पहुंच गये। सभी ने आग पर काबू पाने की कोशिश की। लेकिन जब तक वे आग काबू पाते तब तक सारा सामान जलकर राख हो गया। आग कैसे लगी किसी को जानकारी नहीं हो सकी।
शार्ट सर्किट से लगी आग से नगदी व कपड़े जले
सागरपाली चट्टी पर मंगलवार की दोपहर कपड़ा धुलाई और प्रेस करने वाली गुमटी में बिजली की शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। इसमें नगदी 17500 रुपये के अलावा धुलाई व प्रेस करने के लिए रखे कपड़े भी जल गए।
रुई दुकान में लगी आग, सामान जला
नवानगर क्षेत्र के पंदह गांव में सोमवार की रात को अज्ञात कारण से रुई की दुकान में आग लग गई। घटना के बाद ग्रामीणों के प्रयास से आग पर काबू पाया गया। हादसे में करीब एक लाख रुपये की क्षति हुई है।
बताया जाता है कि बिहार प्रांत के अररिया निवासी सफारुद्दीन अहमद, सिकन्दरपुर थाना क्षेत्र के पंदह गांव में प्राइमरी विद्यालय के समीप एक मकान में किराए पर पुराने कपड़ों से रुई बनाकर तोशक, गद्दे व तकिया बनाने का काम करता है। रोज की तरह सोमवार की शाम को दुकान बंद करके अपने कमरे पर सोने के लिए चला गया। करीब आधी रात को दुकान के बगल के एक व्यक्ति द्वारा फोन आया कि आपके दुकान में आग लग गई है। जिसके बाद आनन फानन में वह दौड़ कर दुकान पर पहुंचा, वहीं ग्रामीणों के अथक प्रयास से किसी तरह आग पर काबू पाया गया।