रसड़ा। भाजपा के पूर्व विधायक रामइकबाल सिंह ने सीएचसी पर धरने के दौरान कहा कि राधिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विद्यालय प्रशासन द्वारा नकल के लिए सुविधा शुल्क न दिए जाने को लेकर गरीब छात्राओं को पीटना निंदनीय है। आरोप लगाया कि विद्यालय प्रबंधक और अधिकारियों की मिलीभगत से सुविधा शुल्क की वसूली की जा रही है। अगर जिला प्रशासन सुविधा शुल्क लेने पर कड़ी कार्रवाई करता तो घटना नहीं होती। उन्हाेंने आरोपियों पर गैंगस्टर, रासुका लगाते हुए विद्यालय की मान्यता रद्द करने की मांग की। मौके पर पहुंचे एसडीएम अनिल कुमार मिश्र ने कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब जाकर धरना समाप्त हुआ। इस मौके पर भानू प्रताप सिंह, संजय जायसवाल, संदीप सोनी, पप्पू सिंह, रिकू सिंह, सुरेश पांडेय, अतुल सोनी आदि मौजूद रहे।