नगर के चौक में स्थित मासाले की दुकान पर पिसे हुए मसालों का नमूना संग्रहित करती खाद्य सुरक्षा विभा
- फोटो : BALLIA
बलिया। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों का एक प्रवर्तन दल मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में शनिवार को नगर के चौक बाजार व चमन सिंह बाग पर छापेमारी की गई। इस दौरान खुले में पीसे मसाले की दुकानों से आठ संदिग्ध नमूने जांच को लिए गए। टीम ने चौक बाजार में 8 प्रतिष्ठानों से दो हल्दी पाउडर, दो धनिया पाउडर, दो जीरा पाउडर तथा दो सब्जी मसाला (पाउडर) का नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजा। टीम ने लगभग 9 किलो पाउडर मसाला को मौके पर ही सीज कर दिया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 1250 रुपये आंकी गई। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने चौक के मीना बाजार स्थित एक प्रतिष्ठान पर उपलब्ध लगभग 20 किलो अपमिश्रित हल्दी पाउडर को मौके पर ही नष्ट कराया, जिसकी अनुमानित कीमत 1200 रुपये बताई गई। उन्होंने बताया कि मसालों में मिलावट को रोकने के लिए विभाग आगे भी छापेमारी करेगा। उपभोक्ताओं को सचेत किया कि वह खुले में पीसे या पाउडर मसाले न क्रय करें तथा पैक्ड पाउडर मसाले की खरीदारी एक्सपायरी तिथि देख कर ही करें। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिनेशकुमार राय, अमित कुमार सिंह, चंद्र प्रकाश यादव, नरेन्द्र कुमार व संतोष कुमार के साथ ही पुलिसकर्मी रहे।