बलिया। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को जापलिनगंज नया चौक स्थित बाजार में छापेमारी की। इस दौरान टीम ने रंगीन कचरी के एक गोदाम से पांच नमूनें लेने के साथ 1.5 क्विंटल रंगीन कचरी जब्त की। इस कारवाई से कारोबारियों में हडकंप की स्थिती रही। जानकारी के अनुसार खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को सूचना मिलीं की जापलिनगंज बाजार में स्थित सेहत को नुकसान पहुंचाने वाली हरी कचरी का कारोबार किया जा रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने चिह्नित गोदाम पर छापा मारा तथा वहाँ मौजूद 1.5 क्विंटल रंगीन कचरी जब्त की। इसके अलावा टीम ने कचरी के चार नमूने तथा पापड़ का एक नमूना संग्रहित किया। विभाग की कार्यवाही से बाजार में अफरा-तफरी मच गई तथा सारी दुकानें बंद हो गई। इसके पूर्व टीम ने नया चौक बाजार से फेरी लगाकर दूध बेच रहें दुग्ध विक्रेताओं से चार संदिग्ध दूध के नमूने लिए, जिसमें एक मिश्रित दूध, तीन गाय का दूध का नमूना शामिल था। दल ने उक्त दूध विक्रेताओं को विभाग में पंजीकरण कराने का भी निर्देश दिया। इसके उपरांत टीम ने जापलिनगंज बाजार स्थित क्रेजी बेकरी प्रोडक्ट के गोदाम पर छापा मारकर एक क्रीम रोल का नमूना जाँच हेतु लिया तथा उक्त प्रतिष्ठान के मालिक को गोदाम में पायी गई कमियों को शीघ्र ही दूर करने का नोटिस जारी किया। इसके अलावा वापसी माल एवं कालातीत खाद्य पदार्थो को अलग से चिन्हित स्थानों पर रखने का निर्देश दिया।