कोहरे के चलते दिन में लाइट जलाकर अपने गंतव्य की ओर जाता वाहन।
- फोटो : BALLIA
बलिया। जिले में रविवार को पूरे दिन कोहरे का असर रहा। सुबह से घना कोहरा होने की वजह से वाहनों की रफ्तार थम गई। वहीं, शीतलहर चलने की वजह से लोग कांपते नजर आए। धीमी रफ्तार में शीतलहर भी चलने से लोगों की कंपकंपी छूट गई। लोग ठंड से ठिठुरते नजर आए। सड़कों पर दोपहिया वाहन चालक गर्म कपड़ों से पूरी तरह ढके हुए गुजर रहे थे। घरों के बाहर लोग अलाव जलाकर हाथ सेंकते नजर आ रहे थे। ठंड से लोगों की दिनचर्या भी बेपटरी रही। सरकारी कंबल व अलाव का कहीं पता नहीं चल रहा है।
करीब आठ किमी की गति से चल रही पछुआ हवा के साथ शनिवार को शुरू हुई गलन भरी ठंड में रविवार को और इजाफा हो गया। कड़ाके की ठंड पड़ने से लोगों की दिनचर्या बेपटरी होने लगी है। शहर से गांव तक लोग ठंड से बेहाल हैं और अलाव की व्यवस्था नहीं होने से गरीबी में गुजर-बसर करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शहर के रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस स्टॉप पर ठंड से पूरे दिन लोग ठिठुरते रहे।
बाजार में आने-जाने वाले लोग चाय की दुकान पर जल रहे चूल्हे के पास खड़े होकर शरीर को गर्म करते रहे। रविवार को पूरे दिन आसमान कोहरे से ढंका रहा। कड़ाके की ठंड को लेकर नगर सहित गांवों के लोग घरों में दुबके रहे। खासकर बच्चों को लेकर लोग सतर्क रहे और घरों से नहीं निकलने दिए। बाजारों में भी अलाव की माकूल व्यवस्था नहीं होने के कारण लोग जहां-तहां लकड़ी, टायर आदि को जलाकर शरीर को गरम करते रहे। कोहरा के कारण सड़कों पर वाहनों को लाइट जला कर धीमी गति से ही चलना पड़ा।