बलिया। दीपावली के दिन सोमवार फूल व्यापारियों के चेहरे पर कुछ रौनक लौटती हुई दिखाई दी। भारी संख्या में फूलों को खरीदने के लिए पहुंचे लोगों की भीड़ देखकर व्यापारी उत्साहित नजर आए तो वहीं शहरवासियों ने दीपावली के पूजन और घर की साज-सज्जा के लिए जमकर फूलों की खरीदारी की। लगभग दो साल बाद फूल मंडी में लोगों की भीड़ उमड़ी दिखी। फूल मंडी में गेंदे के फूलों की भी कई वैरायटी नजर आई और उसी के हिसाब से उनकी कीमतें भी तय की गई थी। दीपावली पर गेंद का फूल 80 रुपये से लेकर 160 रुपये किलो तक बिका। सबसे महंगा फ्रेश गेंदे का फूल 160 रुपये किलो बिका। इसके अलावा, दीप पर्व के मौके पर सोमवार को मिठाइयां और पटाखों की खूब बिक्री हुई। नगर के रामलीला मैदान स्थित पटाखा बाजार में सुबह से ही लोगों की चहल-पहल रही। इस दौरान शहर की सभी नामी मिठाई की दुकानों पर भी लोगों की भीड़ खूब जुटी। शाम पांच बजे तक मिठाई की दुकानों पर चहल पहल रही। इस दौरान गिफ्ट करने के लिए लोगों ने ड्राई फ्रूट, चॉकलेट आदि भी खरीदे। उधर दोपहर तक सराफा, ऑटो मोबाइल एवं इलेक्ट्रानिक उत्पाद के शोरूम में खरीदारी के लिए लोगों की आवाजाही लगी रही। मिठाई की दुकानों पर खोवे से ज्यादा मेवों की मिठाई, मोतीचूर के लड्डू आदि की अच्छी बिक्री हुई। मिठाई दुकानदारों ने बताया कि इस बार पिछले वर्ष की तुलना में अच्छा बाजार गया। मिठाई के अलावा लोगों ने ड्राई फ्रूट के भी गिफ्ट पैक खरीदे। काजू कतरी, मेवा बाइट, काजू रोल, मिल्क केक आदि मिठाइयां खूब बिकी। चॉकलेट भी लोगों ने एक दूसरे को गिफ्ट करने के लिए खरीदे। कोरोना संक्रमण के कारण पिछले दो सालों से फूलों का व्यापार चल नहीं रहा था। इससे किसान के साथ व्यापारी भी काफी परेशान थे। इस वर्ष किसी तरह का प्रतिबंध न होने के कारण बाजारों में फूल और मालाओं की खूब खरीदारी हुई। माला के भाव भी आसमान पर रहे। सामान्य गेंदा फूल का माला 30 से 40 रुपये रहा तो बड़ा गेंदा फूल का माला 50 से 60 रूपये तक में बिका। इसके अलावा, कमल फूल की डिमांड अधिक रही। यह फूल 30 से 50 रुपये में बिका।