बेल्थरारोड। पिछले एक हफ्ते से खतरे के निशान से ऊपर बहने वाली सरयू नदी के जलस्तर में उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी है। सोमवार से वृद्धि का क्रम एक बार फिर शुरू हो गया। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार मंगलवार की शाम जलस्तर 64.48 मीटर दर्ज किया गया, जो लाल निशान 64.01 मीटर से 47 सेंटीमीटर अधिक है। आयोग ने अगले 24 घंटे में जलस्तर में वृद्धि होने का पूर्वानुमान किया है। जलस्तर में वृद्धि से बाढ़ की संभावना प्रबल है। बाढ़ के खतरे को लेकर तटवर्ती दर्जनों ग्रामों के हजारों लोग भयग्रस्त हो गए हैं। नदी का पानी आधा से एक सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है। हाहानाला से टगुनिया तक कई किलोमीटर विस्तृत भू-भाग में नदी का पानी फैल गया है। टगुनिया के राजभर बस्ती के निकट से होकर बाढ़ का पानी बह रहा है। बाढ़ के पानी से तटवर्ती ग्रामों की सैकड़ों एकड़ धान, मक्का, अरहर, मूंगफली आदि फसलें जलमग्न होकर बर्बादी के कगार पर पहुंच गई है। रेगुलेटरों पर पानी का दबाव बढ़ गया है। टीएस बंधा पर सतह से दो फुट ऊपर तक बाढ़ का पानी पहुंच गया है।