रेवती थाना क्षेत्र के रेवती बलिया मुख्य मार्ग पर उच्च प्राथमिक विद्यालय के सामने सोमवार की देरशाम बाइक की आमने-सामने हुई टक्कर में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पुलिस और लोगों की सहायता से सीएचसी पर लाया गया जहां चिकित्सकों ने सभी घायलों जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।
रेवती-बलिया मुख्य मार्ग पर स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय रेवती के सामने रेवती की तरफ आ रहे और गायघाट की ओर जा रहे बाइक की आमने सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक पर सवार सोनू चौरसिया 22 पुत्र रामअवध चौरसिया निवासी गांव काजीपुर थाना सिकंदरपुर जो अपने ननिहाल गायघाट आया था। इसके अलावा अजय उर्फ पिंटू 25 पुत्र तारकेश्वर चौहान निवासी गायघाट थाना रेवती, जितेंद्र साह 25 पुत्र शिवजी साह एवं लल्लू 22 निवासीगण पचरूखा और देवेंद्र 25 पुत्र मेवाराम निवासी रुस्तमपुर थाना बांसडीहरोड गंभीर रूप से घायल हो गए। सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र सिंह, इंस्पेक्टर क्राइम राम अनुराग द्वारा घायलों को सीएचसी रेवती पहुंचाया। सीएचसी रेवती पर सभी घायलों का प्राथमिक उपचार करने के बाद स्थिति गंभीर होने पर जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।
ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत
रेवती बलिया छपरा रेल लाइन पर रेवती रेलवे स्टेशन के पूर्वी कैबिन के समीप ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक का क्षत विक्षत शव सोमवार की देरशाम पड़ा मिला। इसकी सूचना ग्रामीणों द्वारा गेट मैन को देने के बाद गेटमैन ने स्टेशन मास्टर रेवती को जानकारी दी। स्टेशन मास्टर द्वारा एंबुलेंस को बुलाया गया एंबुलेंस के कर्मियों ने बताया कि व्यक्ति की मौत हो चुकी है। मौके पर पहुंची जीआरपी ने जानकारी कर मृतक के परिजनों को सूचित किया। परिजनों ने मौके पर पहुंच कर शव की पहचान मनोज पासवान पुत्र रामदेव पासवान निवासी रतिछपरा के रूप में किया। इसके बाद जीआरपी द्वारा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
आमने-सामने टकराई बाइक, दो घायल
चौकिया मोड़ उभाव थाना क्षेत्र के मुजौना गांव के सामने ब्रह्म बाबा स्थान के पास मंगलवार की शाम आमने सामने बाइकों में टक्कर होने से दो युवक घायल हो गए। घायलों को लोगों की मदद से सीएचसी सीयर पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
उभाव थाना क्षेत्र के बहोरवा खुर्द गांव निवासी नदीम (23) मंगलवार की शाम बाइक से बेल्थरा रोड से मुजौना गांव में किसी के घर बिजली में आई तकनीकी खराबी को ठीक करने के लिए जा रहा था। अभी वह मुजौना गांव के सामने ब्रह्म स्थान के करीब पहुंचा था कि मुजौना गांव निवासी बाइक सवार मुन्ना (25) पुत्र लाल बहादुर जो अपने घर से बाइक से बेल्थरारोड आ रहा था से आमने सामने की टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवार युवक गंभीर रुप से घायल हो गए।
सड़क किनारे पत्थर से टकराई बाइक, युवक घायल
बैरिया। एनएच 31 के किनारे रखे पत्थर से बाइक टकराने से चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सोनबरसा अस्पताल पहुंचाया जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
पांडेयपुर निवासी किशुन तिवारी 35 पुत्र नन्दकिशोर तिवारी बुधवार को दिल्ली से घर पहुंचे और कुछ खरीदारी के लिए बैग रखकर बाइक से बैरिया बाजार की ओर निकल गए। एनएच 31 पर टेंगरहीं ढाला के निकट सड़क किनारे रखे एक पत्थर से उनकी बाइक टकरा गई जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
पिकअप-बाइक की टक्कर में युवक घायल
वहीं करमानपुर चट्टी के पास मंगलवार की शाम पिकअप-बाइक की आमने-सामने की टक्कर में बाइक सवार धर्मेन्द्र यादव 26 पुत्र वीरेन्द्र यादव निवासी हल्दी गंभीर रूप से घायल हो गया। पिकअप व बाइक दोनों क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर पहुंचे एसएचओ ने पिकअप व बाइक को कब्जे में लेने के साथ ही घायल को सोनबरसा अस्पताल पहुंचाया जहां उसकी स्थिति चिंताजनक देखते हुए चिकित्सकों ने सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
पिकअप चालक किसी शीतगृह से मंगलवार की शाम आलू लादकर रानीगंज की तरफ काफी तेज गति से आ रहा था और सामने से बाइक चालक भी काफी तेजी में जा रहा था। करमानपुर चट्टी के निकट बाइक व पिकअप में टक्कर हो गई।
सड़क हादसे में वृद्ध समेत तीन घायल
नवानगर। सिकंदरपुर-बेल्थरा मार्ग के कठघरा मोड़ पर बाइक के सामने अचानक वृद्ध के आ जाने से तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के तेंदुआ गांव निवासी बबलू राजभर 20 पुत्र सोमेश्वर राजभर अपने दोस्त संत कुमार राजभर 22 के साथ मंगलवार की देर शाम सिकंदरपुर बस स्टेशन से डीजल लेकर अपने गांव जा रहा था। वह जैसे ही कठघरा मोड़ के पास पहुंचा कि अचानक एक वृद्ध व्यक्ति सड़क पार करने लगा, जिससे बाइक टकरा गई और तीनों वहीं गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने एंबुलेंस को बुलाकर वृद्ध को जिला अस्पताल भेजवा दिया। वृद्ध व्यक्ति की पहचान नहीं हो सकी है, जबकि दोनों अन्य घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर में इलाज चल रहा है।