रसड़ा। क्षेत्र के कमतैला गांव के अभनपुर स्थित वन विभाग के डिपो में रविवार की दोपहर एक बजे शार्ट सर्किट से लगी भीषण आग से लाखों की लकड़ियां जलकर राख हो गईं। ग्रामीणों एवं फायर बिग्रेड के घंटों प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
शार्ट सर्किट से निकली चिंगारी ने देखते ही देखते एकत्र करके रखी गई लकड़ियों को पकड़ लिया और विकराल लपटें निकलने लगीं। आग की लपटें देख आसपास के लोग दौड़ पड़े और प्रयास करने लगे लेकिन आग की लपटें काफी तेज होने से आग नियंत्रित नहीं हो पा रही थीं। लगभग एक घंटे बाद पहुंची फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया जा सका।
मेंटेनेंस के नाम पर विभाग की ओर से हर माह हजारों रुपये खर्च किए जाने के बाद कोई सुविधा उपलब्ध नहीं है। सिर्फ एक चपरासी के भरोसे ही वन विभाग का ये डिपो है। खुले आसमान के नीचे सरकार की लाखों रुपये की लकड़ियां रहती हैं। ग्रामीण तत्पर नहीं रहते तो पूरा डिपो जलकर स्वाहा हो जाता। ग्रामीणों ने अगलगी के जिम्मेदार विभाग को ही मानते हैं।