रसड़ा के मुंसफी तिराहा स्थित शापिंग काॅम्पलेक्स और सुखपुरा थाना क्षेत्र के करनई में कपड़े की दुकानों में आग लगने से लाखों रुपये का समान जलकर राख हो गया। स्थानीय लोगों और फायर ब्रिगेड के मदद से आग पर काबू पाया जा सका।
मुंसफी तिराहा स्थित शापिंग काम्पलेक्स के कपड़े की दुकान में बुधवार की रात विद्युत शार्ट सर्किट से आग लगने से हड़कंप मच गया। साड़ी सेंटर की दुकान से धुआं और आग की लपटें निकलती देख आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। सूचना तत्काल पुलिस तथा फायर ब्रिगेड को दी गई। दुकान के मालिक उत्तर पट्टी निवासी एजाज अंसारी और काफी संख्या में लोग वहां पहुंच गए। तब तक आग की लपटें तेज हो चुकी थीं। बगल के ही एक अन्य वस्त्रालय सहित अन्य दुकान को भी अपनी आगोश में ले लिया। जब तक फायर ब्रिगेड पहुंचती तब तक लोग आस-पास की मशीनों से बाल्टी में पानी लेकर आग बुझाने का प्रयास किए। आग के विराट रूप को देखते हुए दो दमकल की टीमें बुला ली गईं। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षण रामायण सिंह सहित पुलिस बल पहुंच कर सहयोग किया। 50 लाख के कपड़े जल कर स्वाहा हो गए। एक किशोर विपिन (16) को बेहोशी की हालत में तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
सुखपुर थाना क्षेत्र के करनई नई बस्ती में विशाल कुमार गुप्ता पुत्र कन्हैया लाल गुप्ता की साड़ी एवं रेडिमेड स्टोर से बुधवार देर रात दुकान से धुआं निकलने की सूचना मिली। दुकान खोलकर देखा गया तो आग लगने से लाखों का सामना जल कर राख हो गया था। पड़ोसियों ने बाल्टी और ट्यूबवेल से पानी का छिड़काव किया।सुबह करीब चार बजे फायर ब्रिगेड की भी गाड़ी आई। तब जाकर आग पर काबू पाया जा सका। आग लगने का कारण बल्ब फूटने से निकली चिंगारी को बताया जा रहा है। घने कोहरे व ठंड के कारण बहुत देर बाद लोगों को इसकी जानकारी हुई।