बिना हेलमेट के एक ही बाइक पर सवार हो अपने गंतव्य को जाते युवक और युवतिया।
- फोटो : BALLIA
बलिया। जिले में यातायात माह बेअसर नजर आ रहा है। यातायात पुलिस की चेकिंग और जागरूकता अभियान के बावजूद लोग नियमों को तोड़ रहे हैं। हालत यह है कि लोगों को जुर्माना मंजूर है लेकिन यातायात नियम का पालन करना मंजूर नहीं है।
ऐसे लोगों के खिलाफ पुलिस कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं कर पा रही है। यातायात नियमों का पालन सभी के लिए जरूरी है। चेकिंग के दौरान चालान काटकर कार्रवाई की जा रही है। वाहन चालक गुटबाजी करते हुए पुलिस पर ही अनर्गल आरोप लगाकर कार्रवाई रोकने की जुगत में जुटे हैं।
जिले में एक नवंबर को यातायात माह की शुरुआत हुई है। इसमें यातायात पुलिस और थानों पर तैनात पुलिसकर्मी जगह-जगह यातायात जागरूकता शिविर लगा रहे हैं। बाइक चलाते समय हेलमेट पहनने, चार पहिया चलाते समय सीट बेल्ट बांधने, अपनी लेन में चलने, वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात न करने सहित अन्य बिंदुओं की जानकारी लोगों को दी जा रही है। ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने के लिए ई रिक्शा और टेंपो चालकों को भी प्रशिक्षित किया गया है। बावजूद इसके, कहीं पर भी यातायात माह को लेकर गंभीरता नजर नहीं आ रही है। कोरम पूरा करने के लिए कभी-कभी चेकिंग अभियान चलाकर पुलिस चालान काटने और जुर्माना वसूलने की कार्रवाई कर रही है। यातायात माह में 10 नवंबर तक पुलिस कुल 3500 वाहन चालकों का चालान करते हुए 20 लाख 15 हजार रुपये का जुर्माना लगा चुकी है।
यातायात पुलिस, प्रभारी निरीक्षक विश्वदीप सिंह ने बताया कि यातायात माह के तहत लोगों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। लोगों से हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट बांधने की अपील की जा रही है। इसके साथ चेकिंग करके पुलिस चालान भी काट रही है।